जयपुर। राजस्थान पुलिस के निरीक्षक संग्राम सिंह भाटी को संयुक्त राष्ट्र शांति सेना मिशन, साइप्रस में अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें संयुक्त राष्ट्र मिशन का मुख्य लाइजनिंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। भाटी वर्तमान में साइप्रस के पुलिस थाना पीला में पेट्रोलिंग अधिकारी हैं। सिंह आगामी 26 जनवरी को अपना नया पद ग्रहण करेंगे। भाटी अब वहां द्विपक्षीय वार्ता में संपर्क सूत्रधार रहेंगे। पुलिस निरीक्षक संग्राम सिंह भाटी को हाल ही में संयुक्त राष्ट्र शांति रक्षा पदक-2019 से भी सम्मानित किया गया था। भाटी वर्ष 2018 से संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन के तहत साइप्रस में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत हैं।
वे इससे पहले न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र संघ मुख्यालय में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। संग्राम सिंह राजस्थान के बाड़मेर जिले के गिराब गांव के रहने वाले हैं। वे राजस्थान पुलिस के 1996 बैच के अधिकारी हैं।भाटी ने राजनीति शास्त्र में एमए करने के बाद कानून की पढ़ाई भी की है। एलएलबी डिग्रीधारी संग्राम सिंह शांति सेना मिशन में जाने से पहले पाली, जोधपुर शहर, पुलिस प्रशिक्षण केन्द्र, जोधपुर और किशनगढ़ समेत पुलिस आयुक्तालय जयपुर में सेवाएं दे चुके हैं।
उसके बाद वर्ष 2018 में राजस्थान पुलिस के 8 अधिकारियों का चयन संयुक्त राष्ट्र संघ के शांति मिशन के लिए किया गया था। 18 से 27 सितंबर, 2018 तक नई दिल्ली में आयोजित इस चयन प्रक्रिया में देशभर के 363 पुलिस अधिकारी शामिल हुए थे। इनमें से 164 अधिकारियों का मिशन के लिए चयन किया था। इस परीक्षा में राजस्थान से कुल 23 अधिकारी शामिल हुए थे. उनमें से 8 का फाइनल चयन किया गया था।
अधिकारों के साथ कर्तव्यों की जानकारी होना आज की अहम जरूरत – कलराज मिश्र